भारतीय स्टेट बैंक के खाताधारक घर बैठे बैंक की नौ सेवाओं का फायदा उठा सकते हैं। यह स्टेट बैंक की ओर से शुरू की गई डोर स्टेप बैंकिंग सुविधा की वजह से संभव हो सकेगा। गोरखपुर शहर में 20 से ज्यादा शाखाओं में यह सुविधा उपलब्ध हो गई है।
एसबीआई की डोर स्टेप बैंकिंग सर्विसेज को मोबाइल एप योनो, वेब पोर्टल और कॉल सेंटर के जरिए एक्सेस किया जा सकता है। डोर स्टेप बैंकिंग के लिए रजिस्टर करना होगा। इसके तहत नकदी प्राप्ति, नकदी सुपुर्दगी, चेक प्राप्त करना, चेक मांग पर्ची लेना, फार्म 15-एच, ड्राफ्ट की डिलीवरी, टर्म डिपॉजिट सूचना (एडवाइस) की डिलीवरी, जीवन प्रमाणपत्र, केवाईसी डॉक्युमेंट के पिकअप समेत कुल नौ सुविधाओं का लाभ घर बैठे उठाया जा सकता है।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए सुविधाजनक
वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग या अशक्त व्यक्ति इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। हालांकि पूरी तरह से केवाईसी अनुपालन वाले खाताधारक भी इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं। इसके लिए सबसे ज्यादा जरूरी वैलिड मोबाइल नंबर को खाते के साथ रजिस्टर होना चाहिए। नकदी निकासी और नकदी जमा की राशि सीमा प्रति दिन, प्रति लेनदेन 20,000 रुपये है। प्रत्येक गैर-वित्तीय लेनदेन के लिए सेवा शुल्क 60 रुपये प्लस जीएसटी और वित्तीय लेनदेन के लिए 100 रुपये प्लस जीएसटी है।
कैसे करें डोर स्टेप बैंकिंग के लिए आवेदन
एसबीआई की डोर स्टेप बैंकिंग सर्विसेज को मोबाइल एप योनो, वेब पोर्टल और कॉल सेंटर के जरिए एक्सेस किया जा सकता है। ग्राहक https://bank.sbi/dsb पर विस्तृत जानकारी ले सकते हैं।
बैंक प्रबंधन ने जारी किया टोल फ्री नंबर
बैंक प्रबंधन ने डोर स्टेप बैंकिंग सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। कामकाजी दिनों में टोल फ्री नंबर 1800-1037-188 या 1800-1213-721 पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच कॉल किया जा सकता है।
शहर में इन शाखाओं में मिल रही है यह सुविधा
बिछिया, डिफेंस बैंकिंग ब्रांच, मोहद्दीपुर, खूनीपुर, महेवा चुंगी, महेवा मंडी, गिरधरगंज, दाउदपुर, रेलवे कॉलोनी, अलीनगर, एमएमएमयूटी, उर्दू बाजार, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोलघर, पादरी बाजार, रेती रोड माया बाजार, धर्मशाला बाजार, बेतियाहाता, सूरजकुंड, गोरखनाथ।
भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम पीसी बरोड़ ने बताया कि शहर की कुछ शाखाओं में डोर स्टेप बैंकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। खाताधारक चाहें तो इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए बैंक प्रबंधन द्वारा टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है।