रिक्त सीटों के लिए स्पॉट काउंसिलिंग 19 से
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए चल रही ऑनलाइन काउंसिलिंग का दूसरा चरण बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। सीट आवंटन के बाद शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों ने प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराकर प्रवेश की अंतिम औपचारिकताएं पूरी कर लीं। अब रिक्त सीटों पर स्पॉट काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश प्रकोष्ठ के अनुसार, ऑनलाइन काउंसिलिंग के दो चरणों में परिसर की 7487 सीटों और केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया में शामिल महाविद्यालयों की 1752 सीटों पर प्रवेश पूरा हो चुका है। सीधे प्रवेश वाले कुछ पाठ्यक्रमों और लैटरल एंट्री वाले पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया भी अगले सप्ताह तक पूरी होने की उम्मीद है।
जिन विषयों में प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की गई थीं, उनमें दो चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग के बाद 93 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश हो चुका है। करीब सात प्रतिशत सीटें अभी रिक्त हैं। इन सीटों को भरने के लिए स्पॉट काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।
स्पॉट काउंसिलिंग की प्रक्रिया संबंधित संकायों एवं विभागों में 19 से 22 अगस्त तक पूरी की जाएगी। रिक्त सीटों का विषयवार विवरण शुक्रवार से विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in पर उपलब्ध होगा। अभ्यर्थी पोर्टल पर रिक्त सीटों की स्थिति देखकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्पॉट काउंसिलिंग में शामिल हो सकेंगे।