गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल-कूद, समय बर्बाद करने का नहीं, हमारे जीवन के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। जिस तरह से विश्व खेल मानचित्र पर हमारे खिलाड़ी देश का मान बढ़ा रहे हैं ये हम सभी के लिए गौरव का विषय है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने प्रदेश में खेल सुविधाओं को कमिश्नरी से जनपद और जनपद से ब्लाॅक स्तर व प्रत्येक स्कूल-कॉलेजों में विकसित करने के जरूरी कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित होने वाली 69वीं विद्यालयी राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के विजयी पहलवानों को पुरस्कत करने पहुुंचे थे। उन्होंने कहा कि नौजवानों का स्वस्थ्य होना बहुत जरूरी है। यह संभव होगा जब हम स्कूल-कॉलेजों में शिक्षा के साथ खेलों को भी समान रूप से महत्व देंगे। हमारी सरकार ने इस दिशा में कई जरूरी कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में खेलों के विकास के लिए हर जनपद में एक स्टेडियम और हर ब्लॉक पर एक मिनी स्टेडियम का निर्माण करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में 18 जनपदों के राजकीय कॉलेजों में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके लिए प्रत्येक कॉलेज को लगभग पांच करोड़ रुपए उपलब्ध कराया जा रहा हैं। इसी क्रम में गोरखपुर मंडल में गोरखपुर और महाराजगंज के राजकीय कॉलेजो में भी मिनी स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
............
आत्मबल और आत्मविश्वास दिलाती है प्रतियोगिता में विजय
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगिता के उपविजेताओं और हार गए प्रतिभागियों को निराश हुए बिना अपनी कमियों पर परिश्रम कर, दृढ़ संकल्प से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कहा कि हमारी सबसे पहली प्रतियोगिता स्वयं से होती है, जब हम आत्मबल और आत्मविश्वास के साथ किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेते हैं तो विजय मिलना जरूरी है।
ये रहे विजेता
मुख्यमंत्री के समक्ष अंडर-17 के 92 किलो भार वर्ग और अंडर-19 के 97 किलो भार वर्ग का फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें अंडर-17 के 92 किलो भार वर्ग सीबीएसई के प्राशिंत अहलावत ने उत्तर प्रदेश के उधम सिंह को हराकर विजेता बने। अंडर-19 के 97 किलो भार वर्ग में उत्तर प्रदेश के शिवम यादव ने पंजाब के परगट गोरसी को पटकनी देकर विजेता बने।