वैलेंटाइन अंडर-19 प्रीमियर स्टेट फुटबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन खेले गए तीन मैच
डीएफए कुशीनगर ने ब्लू सफायर गोरखपुर, खेल छात्रावास अयोध्या ने डीएफए बहराइच और खेल छात्रावास वाराणसी ने बिग ब्लू लखनऊ को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में चल रहे अंडर-19 वैलेंटाइन प्रीमियर स्टेट फुटबाॅल प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को तीन मैच खेले गए। जिला फुटबॉल संघ कुशीनगर और ब्लू सफायर गोरखपुर के बीच खेले गए मैच में कुशीनगर ने 4-0 से जीत हासिल की। कुशीनगर की तरफ से देव ने 18वें, 45वें तथा 48वें मिनट में लगातार गोल करके हैट्रिक बनाई। 49वें मिनट में अंतिम गोल विपिन ने किया।
मैच के मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व बैंक ऑफिसर देव आनंद श्रीवास्तव रहे। खेल छात्रावास अयोध्या और जिला फुटबॉल एसोसिएशन बहराइच के बीच खेेले गए मैच में अयोध्या की टीम 6-2 से विजयी रही। पहले हाॅफ में तौसीफ की ओर से 23वें व 26वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत खेल छात्रावास अयोध्या 2-0 से आगे थी। मगर बहराइच के विशाल और आयाम की ओर से 34वें तथा 35वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत स्कोर 2-2 की बराबरी पर हो गया।
दूसरे हाॅफ में खेल छात्रावास अयोध्या अपने प्रतिद्वंद्वी पर हावी हो गई और तौफीक की ओर से 43वें, 58वें व 66वें और कृष की ओर से 48वें मिनट में किए गए गोल की मदद से अयोध्या को 6-2 से विजय दिला दी। दूसरे मैच के मुख्य अतिथि गोरखपुर फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष डेविड सीरियल रहे।
तीसरा मैच बिग ब्लू लखनऊ और खेल छात्रावास वाराणसी के बीच खेला गया। मैच के पहले हाॅफ के 16वें मिनट में अभय प्रकाश ने छात्रावास के लिए पहला गोल किया। मध्यांतर तक छात्रावास 1-0 से आगे थी। अंत में यही एकमात्र गोल निर्णायक सिद्ध हुआ और खेल छात्रावास वाराणसी 1-0 से विजय रही। निर्णायक के रूप में मेहताब अहमद, आमिर खान, सौरभ, मो. नजीर, संजय साहनी और विनय रहे। इस दौरान हमजा खान, एनपी गौड़, अश्विनी कुमार यादव, डॉ. उमाशंकर, डॉ. गौरव यादव, रवि जायसवाल आदि मौजूद रहे।