अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कोहरे के कारण रेल और हवाई सफर करने वालों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। बृहस्पतिवार को दिल्ली से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट ढाई घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। वहीं गोरखधाम एक्सप्रेस भी सवा छह घंटे की देरी से आई।
एक सप्ताह से उत्तर भारत में शीतलहर व कोहरे के कारण ट्रेन व हवाई सेवा प्रभावित है। गोरखपुर एयरपोर्ट के निदेशक एके द्विवेदी ने बताया कि बृहस्पतिवार को स्पाइस जेट की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट करीब ढाई घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। इसके कारण गोरखपुर से जाने वाली फ्लाइट भी देरी से गई। वहीं, मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी करीब एक घंटे की देरी से आई।
वहीं रेलवे अफसरों ने बताया कि बठिंडा से दिल्ली होते हुए आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को भी देर से चली। गोरखपुर में सुबह 9.45 बजे के बजाय यह शाम चार बजे पहुंची। जबकि गोरखपुर से जाने वाली ट्रेन समय से छूटी।