बेलीपार/महाबीर छपरा (गोरखपुर)। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेहरौली स्थित ढाबा के सामने अचानक गाय के सामने आने पर कार अनियंत्रित होकर बाइक सवार को ठोकर मारते हुए ऑटो से जा टकराई। शुक्रवार की सुबह हुए हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि ऑटो सवार दो लोग घायल हो गए। कार की टक्कर से गाय की भी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
गोरखपुर निवासी प्रदीप मिश्रा पुत्र बद्री प्रसाद मिश्रा अपनी कार से सुबह करीब 7.30 बजे गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। अभी वह फोरलेन पर मेहरौली गांव के समीप स्थित ढाबा के सामने पहुंचे थे कि अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सामने जा रही बाइक को टक्कर मार दिया। बाइक सवार बेलीपार क्षेत्र के ही चारपान निवासी सतीश साहनी (46) पुत्र बाबूलाल साहनी उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
बाइक को टक्कर मारने के बाद कार गाय को ठोकर मारते हुए सामने जा रही ऑटो से टकरा गई। कार की टक्कर लगने के बाद ऑटो हवा में उछलते हुए सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर पर जा गिरा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे ऑटो में सवार गोला क्षेत्र के नीरज मिश्रा (29) पुत्र शिव प्रसाद मिश्रा तथा चालक मेहरौली निवासी परमहंस पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गए।
मृतक सतीश साहनी गुजरात के राजकोट में पेंट पॉलिश का काम करता था, कुछ दिन पहले ही गांव आया था और कल ही मकान का छत लगवाया था। मृतक के दो बेटे राहुल (25), ओम (18) और एक बेटी (22) पूनम हैं। अभी किसी की शादी नहीं हुई है। कोरोना काल के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। मृतक सतीश के भाई मनीष साहनी ने कार चालक के खिलाफ बेलीपार पुलिस को तहरीर दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सड़क पर खड़ी ट्रेलर में मीनी बस ने मारी टक्कर, चालक की मौत
गगहा इलाके के जगदीशपुर भलुआन सड़क पर खड़ी ट्रेलर में बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे बड़हलगंज से आ रही मीनी बस ने टक्कर मार दी। जिससे खोराबार इलाके के पोछिया ब्रम्ह स्थान निवासी ड्राइवर महेंद्र पासवान की मौके पर मृत्यु हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची गगहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।