अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण ( एसआईआर) कार्यकम के तहत विशेष शिविर का आयोजन रविवार को किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि शिविर में जनपद के कैंपियरगंज, पिपराइच, गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण, सहजनवां, खजनी, चौरीचौरा, बांसगांव और चिल्लूपार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी बीएलओ अपने मतदेय स्थल पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान बीएलओ फॉर्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता नामावली में सुधार और नए नामों के पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। शिविर में छह जनवरी 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली की आलेख्य सूची और अनुपस्थित/शिफ्टेड/मृतक/डुप्लिकेट मतदाताओं की सूची भी पढ़कर सुनाई जाएगी। जिन लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर नए नाम पंजीकृत करा सकते हैं। यदि कोई नाम गलत है तो फॉर्म-8 और आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 भर सकते हैं। डीएम ने सलाह दी कि सभी मतदाता फाॅर्म को सही और त्रुटिरहित भरें ताकि अंतिम मतदाता सूची में किसी प्रकार की गलती न हो।
वेबसाइट से प्रिंट नहीं हो पाई सूची
भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से जिले में बिना मैपिंग वाले 3.22 लाख मतदाताओं का नोटिस अपलोड नहीं हो पाया इसलिए शनिवार से नोटिस बांटने का कार्य शुरू नहीं हो पाएगा। अधिकारियों के अनुसार जितने नोटिस की प्रिंट निकली है, उतना बीएलओ को दे दिया जाएगा ताकि वे बूथ पर बैठें तो फार्म 6, 7, 8 के भरवाने के साथ नोटिस बांटने का कार्य भी करें।