फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पर्यावरण संकट का प्रभाव मौसम चक्र पर भी, बुआई में देरी से कम होगा धान का उत्पादन : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रकृति से खिलवाड़ की कीमत मानवता को चुकानी पड़ रही है। पर्यावरण पर मंडरा रहे संकट का प्रभाव मौसम चक्र पर भी पड़ा है। बारिश करीब महीने भर लेट है। जो बीज 15 जून तक लग जाना चाहिए था यदि उसे 15 जुलाई को लगाएंगे तो उत्पादन में 25 से 30 प्रतिशत तक अंतर पड़ता है। दुनिया के अंदर लगातार ग्लोबल वार्मिंग की चेतावनी दी जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में समुद्र के किनारे बहुत सारे शहर डूबने की स्थिति में होंगे तो कहीं जल का भीषण संकट भी हो जाएगा।
विज्ञापन


गीडा के सेक्टर-28 में हुए पौधरोपण महायज्ञ कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि सर्दियों के मौसम में बहुत सारे शहर ऐसे हैं जहां गैस चैंबर जैसी स्थिति बन जाती है। वहां अलर्ट जारी करना पड़ता है कि बुजुर्ग, बीमार और बच्चे घर से बाहर न निकलें, जरूरी हो तो मास्क लगाकर निकलें। सीएम ने कहा कि एक पुत्र के रूप में धरती माता के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के लिए ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ का आह्वान किया है। यह आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुंदर बनाने का राष्ट्रीय कर्तव्य है। खुद की आरोग्यता के लिए हम सभी को धरती माता की आरोग्यता का ध्यान रखना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। नौ वर्ष में अब तक प्रदेश में 242 करोड़ पौधरोपण किया जा चुका है।
पौधा लगाकर देखभाल भी करें
सीएम ने कहा कि हमें न सिर्फ पौधे लगाने हैं बल्कि उनका रखरखाव और देखभाल भी करना है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अपने खेत में पेड़ लगाए हैं उन्हें कार्बन क्रेडिट फाइनेंस स्कीम के अंतर्गत पैसा भी प्राप्त होता है। अपील की कि अपने परिवार के सदस्यों की स्मृति में, परिवार के सदस्यों के नाम से और पूर्वजों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए इस अभियान का हिस्सा बनें।
विज्ञापन

सीएम ने कार्बन क्रेडिट के तहत किसानों को सौंपे प्रमाणपत्र
सीएम योगी ने कार्बन क्रेडिट फाइनेंस योजना के अंतर्गत खेत के किनारे अधिक पौधरोपण करने वाले किसानों को प्रमाणपत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की लाभार्थी गीता देवी, मधुरा, इशरावती, शीला, कालिंदी को घर के सामने लगाने के लिए सहजन का पौधा भेंट किया। जबकि, कार्बन क्रेडिट योजना के तहत 700 से अधिक पौधरोपण करने वाले नरपति (कैंपियरगंज, गोरखपुर), 650 से अधिक पौधरोपण करने वाले अशफाक खान (देसही, देवरिया), 800 पौधों का रोपण करने वाली रंजना देवी (हाटा, कुशीनगर) और 850 पौधे लगाने के लिए अरविंद कुमार (पडरौना, कुशीनगर) को मुख्यमंत्री के हाथों कार्बन क्रेडिट के लिए मिलने वाली रकम का प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। सीएम ने ‘उत्तर प्रदेश के नौ वर्ष की हरित गाथा’ लघु फिल्म और ‘वानिकी कैलेंडर’ का विमोचन किया।
सीएम योगी के मार्गदर्शन में यूपी में बढ़ी ग्रीनरी : वन मंत्री
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में यूपी में ग्रीनरी बढ़ी है। फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया देहरादून की रिपोर्ट के अनुसार देश में ग्रीनरी वृद्धि के मामले में उत्तर प्रदेश प्रगति करते हुए अब दूसरे स्थान तक पहुंच चुका है। वन मंत्री ने कहा कि आज के पौधरोपण के पूर्ण होते ही यूपी में पिछले दस साल पौधरोपण की कुल संख्या 275 करोड़ हो जाएगी। इस बार के पौधरोपण महाभियान में तीस प्रतिशत फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। वन मंत्री ने बताया कि गोरखपुर में मुख्यमंत्री की ओर से घोषित वानिकी विश्वविद्यालय के निर्माण की शुरुआत जल्द ही की जाएगी।



पीएम मोदी-सीएम योगी पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद संवेदनशील : रविकिशन
पौधरोपण महायज्ञ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। वह सदैव लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करते रहते हैं। स्वागत भाषण सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ल ने दिया। प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील कुमार चौधरी ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, महेंद्रपाल सिंह, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, पौधरोपण महायज्ञ के लिए गोरखपुर के नोडल अधिकारी सुहास एलवाई, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें