गोरखपुर। मेडिकल कॉलेज रोड स्थित हैवन यूनीसेक्स सैलून एंड स्पा के संचालक द्वारा तीन बार कटिया लगाकर बिजली चोरी करने के मामले में बिजली थाने की पुलिस संचालक को गिरफ्तार करने की तैयारी में जुटी है।
बिजली निगम व विजिलेंस की संयुक्त टीम ने 14 जनवरी-23 को मेडिकल काॅलेज रोड स्थित कुंज टावर में छापा मारकर दुकानों में कनेक्शन की जांच की। इस दौरान हैवन यूनीसेक्स सैलून एंड स्पा सेंटर में बिना मीटर बिजली इस्तेमाल पकड़ा गया। जुलाई-23 में दोबारा छापा मारा। उस दौरान भी सैलून व स्पा संचालक ने कनेक्शन से जुड़े कागजात नहीं दिखाए। ना ही परिसर में बिजली मीटर मिला। टीम ने कुछ और जांच-पड़ताल की तो एलटी लाइन से कटिया जोड़कर तीन दुकानों में बिजली इस्तेमाल की जा रही थी। इस बार सैलून व स्पा सेंटर का संचालक गौरव गुप्ता विजिलेंस टीम के हत्थे चढ़ गया। अन्य दो दुकानें बंद मिली। जेई व विजिलेंस टीम की तहरीर पर बिजली थाने ने गौरव गुप्ता निवासी हांसुपुर के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर तीनों मुकदमों को एक साथ क्लब कर दिया है। अब बिजली थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी गौरव गुप्ता को गिरफ्तार करने की तैयारी में जुटे है।
बिजली थानाध्यक्ष ने बताया कि स्पा सेंटर में सालभर में तीसरी बार बिजली चोरी पकड़े जाने के मामले में संचालक गौरव गुप्ता को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। बुधवार को छापा के दौरान ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया होता लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया।