जानकारी के अनुसार, खुटहन खास निवासी अमरेंद्र निषाद पूर्व मंत्री जमुना निषाद व पूर्व विधायक राजमती निषाद के बेटे हैं। अमरेंद्र निषाद ने गुलरिहा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार को करीब 2:30 बजे वह अपने घर पर खेती-बारी से जुड़े कार्यों का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका चचेरा भाई, जो कि पूर्व मंत्री बताए जा रहे हैं, उन्हें अपनी गाड़ी के पास बुलाया।
आरोप है कि वहां पहले से चल रहे आपसी विवाद के चलते चचेरे भाई ने जान से मारने की नीयत से अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। गोली अमरेंद्र निषाद के बेहद करीब से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित का कहना है कि फायरिंग के बाद आरोपी ने उन्हें धमकी दी कि इस बार तो बच गए, लेकिन अगली बार नहीं बचोगे।
घटना के बाद घबराए अमरेंद्र निषाद ने तत्काल गुलरिहा पुलिस को फोन कर सूचना दी। इसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गुलरिहा थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।