कोतवाल के शरीर के तापमान की जांच करता सिपाही
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बुधवार की दोपहर कोतवाली थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से राइफल भी खुलवाई।
अधिकतर पुलिसवालों ने तो राइफल खोल कर दिखा दिया, लेकिन कुछ नए सिपाही ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद कोतवाल जयदीप वर्मा ने उन्हें राइफल खोलकर दिखाया। साथ ही उसकी साफ-सफाई कैसे की जाती है, इस बारे में भी जानकारी दी।
एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ दोपहर दो बजे अचानक कोतवाली थाने पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने थाने के मेस, शौचालय, मालखाना, कार्यालय की साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। इस दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए की गई व्यवस्था का भी उन्होंने जायजा लिया।
थाने के मुख्य द्वार पर सैनिटाइजर रखा मिला। इसके बाद कोतवाल समेत थाने के सभी पुलिसकर्मियों की थर्मल स्कैनिंग की गई। इसके बाद राइफल खोलकर उसकी साफ-सफाई कराई गई। साथ ही कारतूस का मिलान भी कराया गया। एसपी सिटी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान थाने में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। शहर के सभी थानों में पुलिसकर्मियों की रोजाना थर्मल स्कैनिंग की जा रही है।