- तथ्य छिपाकर जमीन बेचे जाने के मामले में शाहपुर पुलिस ने की कार्रवाई
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के जंगल हकीम नंबर एक में पिता ने संपूर्ण हक व हिस्सा बेच दिया। लेकिन, बेटों ने इस तथ्य को छिपाकर उसी जमीन को महिलाओं को बेचकर जालसाजी की है। रविवार को पीड़ितों की तहरीर पर शाहपुर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शकुंतला, माधुरी, कौशल्या, निर्मला, माधव देवी व आशा शाहपुर इलाके के जंगल हकीम नंबर एक की निवासी हैं। महिलाओं ने शाहपुर पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि शाहपुर के जंगल हकीम नंबर एक में मुख्तार व विस्मिल्लाह का दो हिस्सा मिलाकर 36 डिसमिल जमीन का बैनामा गीता वाटिका निवासी हरिशंकर निषाद द्वारा कराकर 6 महिलाओं को बैनामा के जरिये विक्रय किया जा चुका है।
आरोप है कि तीसरे हिस्सेदार लालजी द्वारा सीधे अपना हिस्सा 18 डिसमिल जमीन भी 6 महिलाओं को रजिस्टर्ड बैनामा के माध्यम से विक्रय किया जा चुका है। लालजी की मृत्यु कोरोना काल में होने के बाद रास्ते के लिए छोड़ी गई जमीन पर लालजी का नाम खतौनी पर रहने पर उनके पुत्रों सलीम, मुमताज, समीर व सरताज द्वारा अपना नाम विरासत से चढ़वा कर सही तथ्य छिपाकर जमीन का विक्रय किया जा रहा है। हरिशंकर निषाद द्वारा खरीदारों का कब्जा हटाकर नए खरीदारों को जबरन कब्जा दिया जा रहा है। पुराने खरीदारों द्वारा विरोध करने पर जानमाल की धमकी दी जा रही है। रविवार को पीड़ित महिलाओं की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने सलीम, मुमताज, समीर, सरताज व 4-5 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।