गोरखपुर कैंट-कुसम्ही तीसरी लाइन के इंटरलॉक के चलते लिए गए मेगा ब्लॉक से यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है। शुक्रवार की शाम को दिल्ली जा रही गोरखधाम की जनरल बोगी में लोग घुस तो गए, लेकिन वहां भीड़ के चलते सांस लेना भी मुश्किल हो गया था।
शाम साढ़े चार बजे गोरखपुर स्टेशन से छूटने वाली गोरखधाम से यात्रा के लिए दोपहर 2 बजे ही लोग प्लेटफार्म पर पहुंच गए थे। साढ़े तीन बजे बोगी के फाटक खुलते ही यात्री एक दूसरे पर गिरते-पड़ते जनरल बोगी में घुसने की कोशिश करने लगे। बमुश्किल पांच मिनट में ही पूरी बोगी भर गई। स्लीपर क्लास में भी तमाम लोग जनरल टिकट लेकर घुस गए थे।
कुशीनगर के ढाढ़ा निवासी राजेंद्र को जरूरी काम से दिल्ली जाना था। पहले इन्होंने सत्याग्रह से टिकट कराया था, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो पाया तो गोरखधाम से यात्रा करने पहुंचे थे। इसी कोच में गोरखपुर शहर के टीपी नगर इलाके की रहने वाली बिंद्रावती भी पति के साथ दिल्ली जा रही थी। यह दंपती भी जनरल बोगी में घुसने की कोशिश कर रहा था।