पादरी बाजार (गोरखपुर)। नेटवर्किंग के काम के लिए बिहार के एक युवक ने फेसबुक पर युवती से जान पहचान की। फिर युवती की फोटो अश्लील बनाकर वायरल कर दिया। युवती की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने शुक्रवार को बिहार के पटना जिले के नखून गली चाई टोला मुसल्लाहपुर निवासी रवि कुमार पर केस दर्ज कर लिया। आरोप है कि युवती के दोस्तों के पास भी फोटो भेज रहा है। मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के एक मुहल्ले की रहने वाली युवती आईएमसी नेटवर्किंग कंपनी में काम करती है। शाहपुर पुलिस को दी तहरीर में युवती ने लिखा है कि एक महीने पहले कंपनी से संबंधित प्रोडक्ट अपने फेसबुक आईडी पर पोस्ट की थी। बिहार के एक युवक ने देखकर संपर्क किया। नेटवर्किंग कंपनी के बारे में जानकारी लेने के बाद जुड़कर काम करने लगा। आरोप है कि कुछ दिनों बाद युवक ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर बात करने के लिए परेशान करने लगा।
युवती का कहना है कि उसने बात करने से इन्कार कर दिया। उसके बाद आरोपी व्हाट्सएप पर गाली के मैसेज भेजने लगा। फोन पर भी गाली देने लगा। फेसबुक से फोटो निकाल कर अश्लील तस्वीर बनाकर टिप्पणी करते हुए युवती के व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।