जिलाधिकारी कार्यालय में हुई नागरिक सुरक्षा ऑफिसर कमांडिंग की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नागरिक सुरक्षा ऑफिसर कमांडिंग की बैठक पर्यटन भवन स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी वित्त/ राजस्व विनीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में लोगों तक संदेश पहुंचाने का सरल व सशक्त माध्यम सोशल मीडिया है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक एक साथ संदेश पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने नागरिक सुरक्षा के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म को और अधिक सक्रिय बनाया जाए तथा इसके लिए समर्पित आईटी टीम का गठन भी किया जाए।
यह टीम फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों तक आपदा प्रबंधन, ब्लैक आउट, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवहार से जुड़ी जानकारी नियमित रूप से पहुंचाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को जागरूक करना नागरिक सुरक्षा का प्रमुख दायित्व है, और सोशल मीडिया इस दिशा में सबसे सशक्त माध्यम बन सकता है।
उपनियंत्रक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि वार्डन सेवा के साथ समन्वय बनाने के लिए प्रत्येक छह महीने पर वायुसेना, पुलिस, अग्निशमन, चिकित्सा, परिवहन, होमगार्ड, दूर संचार, विद्युत सहित अनेक विभागों की बैठक आयोजित की जाती है। चीफ वार्डन डॉ. संजीव गुलाटी ने सभी का स्वागत एवं डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. शरद ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक वेद प्रकाश यादव, नीरज श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, सुरेश गुप्ता, महबूब सईद, डिवीजनल वार्डन कोतवाली विकास जालान, सिविल लाइंस अखिलेश ओझा, गोरखनाथ राजेश चंद्र चौधरी सहित अन्य कई लोग थे।