गोरखपुर। मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि नवंबर के पहले पखवाड़े में ही रात में दिसंबर और जनवरी जैसी सर्दी पड़ने लगी है। आलम यह है कि गोरखपुर में पिछले 15 दिनों में न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.1 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग ने शनिवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया था। अक्तूबर के अंतिम हफ्ते में कई दिनों तक हुई बारिश के बावजूद एक नवंबर को न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। उसके बाद न्यूनतम तापमान लगातार कम होता रहा।
आठ नवंबर को न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार को लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर 17.4 डिग्री का रहा।
हाल के वर्षों में इतना सर्द नहीं रहा नवंबर का पहला पखवाड़ा
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले एक दशक में 15 नवंबर 2021 को तापमान सबसे कम (13.8 डिग्री) रहा था। 15 नवंबर 2020 को न्यूनतम तापमान 13.9, 15 नवंबर 2022 को न्यूनतम 14.3, 15 नवंबर 2017 और 15 नवंबर 2019 को 14.6, 15 नवंबर 2018 को 14.8 दर्ज किया गया। 15 नवंबर 2023 को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और 15 नवंबर 2024 को न्यूनतम 17.8 दर्ज किया गया था।
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद पछुआ हवाओं के कारण ऐसा हुआ है। अगले तीन-चार दिन मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं। उसके बाद न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास पहुंचने की संभावना है।
- टीबी सिंह, वैज्ञानिक सहायक, मौसम विभाग