बाल रोग विभाग का अधिकांश हिस्सा नए भवन में हो चुका है शिफ्ट
98 बेड का था एसएनसीयू, 30 बेड अब भी संचालित होता रहेगा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर में बने 500 बेड के बाल रोग चिकित्सा संस्थान में 68 बेड का एसएनसीयू (स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट) भी शिफ्ट हो गया। अन्य जिलों से आने वाले बाल रोगी अब इसमें ही भर्ती किए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में अब भी 30 बेड का एसएनसीयू संचालित होता रहेगा।
नेहरू अस्पताल में 98 बेड का एसएनसीयू संचालित था। पिछले दिनों सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के बगल में बने 500 बेड के बाल चिकित्सा संस्थान को चालू करने के लिए बाल रोग विभाग को इसमें शिफ्ट किया गया। शुरुआत में वहां केवल ओपीडी ही चल रही थी। इससे बच्चों का इलाज करने वाले डॉक्टर व अन्य स्टॉफ को बार-बार दोनों जगह चक्कर लगाना पड़ रहा था।
इसे देखते हुए अब बच्चों को भर्ती करने की सुविधा भी बाल रोग संस्थान में बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में अब यहां 68 बेड का एसएनसीयू वार्ड भी बनाया गया है। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि 30 बेड का एसएनसीयू नेहरू अस्पताल के बाल रोग विभाग में भी संचालित होगा, जिससे कि वहां आए स्थानीय मरीजों को दिक्कत न हो।
-
सिटी स्कैन नहीं होने से मरीज परेशान
मेडिकल कॉलेज में लगी सिटी स्कैन मशीन सोमवार को दोपहर बाद अचानक खराब हो गई। तकनीकी गड़बड़ी को ठीक करने के लिए संबंधित एजेंसी को सूचना दी गई है। प्रभारी डॉ. आरके जैन ने बताया कि मंगलवार को कंपनी के इंजीनियर आएंगे तभी पता लग सकेगा कि मशीन कब तक ठीक होगी।