बार्डर क्षेत्र में नशीली दवाओं के धंधे पर नहीं लग पा रहा अंकुश, दवा कहां से ला रहे थे इसके बारें में नहीं दी सटीक जानकारी
महराजगंज। ठूठीबारी क्षेत्र में बीते दिन नशीली दवा बरामद हुई थी। इसे नेपाल में बैठे तस्करों का सरगना संचालित करता है। बार्डर क्षेत्र में अक्सर कैरियर ही पकड़े जाते हैं। मुख्य सरगना तक सुरक्षा एजेंसियां नहीं पहुंच पाती हैं। बीते दिन हुई बरामदगी में नेपाल के दो युवक व एक भारतीय युवक गिरफ्तार हुआ। इससे माना जा रहा है की सीमावर्ती क्षेत्र के भारतीय युवाओं को नेटवर्क की हिस्सा बनाकर नेपाली तस्कर अपने धंधे को बढ़ा रहे हैं। इनकी गतिविधियों की सूचना लीक होने पर गिरफ्त में आ जाते हैं।
सूत्रों की माने में नशीली दवाओं का धंधा करने वाले अधिक लाभ कमाने के चक्कर में स्टीकर लगाते हैं। नशीली दवाओं पर लगे निर्धारित मूल्य को हटा देते हैं। फिर निर्धारित मूल्य से तीन गुना अधिक मूल्य का स्टीकर लगा उसे बेच देते हैं। ऐसे में उन्हें मोटी रकम की कमाई होती है। उदाहरण के तौर पर ताल्जेसिक बुप्रेनऑरफिन इंजेक्शन आईपी के एम्पुल पर कंपनी का निर्धारित मूल्य 27.30 लिखा है। जबकि उक्त इंजेक्शन पर 95 रुपये मूल्य का स्टीकर लगा देते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भारत-नेपाल बार्डर के सरहदी इलाकों में नशे के धंधेबाज पहले युवकों को दो चार बार फ्री में दवा देते है। इसके बाद युवक खुद ही उसके टैबलेट और इंजेक्शन को खरीदने लगते हैं। यहां तक कि कई युवक नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी आदि की वारदात को भी अंजाम देते है। ये दवा स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। चिकित्सकों के मुताबिक अधिक मात्रा में इस तरह की दवाओं का सेवन से जान भी जा सकती है। नशीली दवा, चरस, ड्रग्स, स्मैक सहित अन्य नशे की कारोबार करने वाले तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए पुलिस के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी ताकत लगा रही है। लगातार नशे की तस्करों की गिरफ्तारियां भी हो रही हैं। तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस प्रशासन के नशा मुक्ति अभियान के बावजूद भी जिले के मुख्य शहर से लेकर भारत-नेपाल बार्डर तक नशे का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार तीन आरोपियों को जेल
ठूठीबारी। भारतीय सीमा क्षेत्र से तस्करी कर रविवार की देर शाम नेपाल ले जाई जा रही भारी मात्रा में नशीली दवा के साथ तीन युवकों को एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों के पास काफी संख्या में नेपाली व भारतीय करेंसी भी मिली। आरोपियों को सोमवार दोपहर पुलिस ने जेल भेज दिया।
ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया की 142 ब्रूफेन इंजेक्शन, 137 एम्पुल प्रोमेथाजीन इंजेक्शन, 161 नाइट्राजीपम टेबलेट, प्रोक्सीको कैप्सूल 718 टेबलेट, स्पस्मो प्राक्सीवान 105 टेबलेट , प्रोक्सिको कैप्सूल 690 अदद, व प्रोक्सीमेक स्पा कैप्सूल 951 के साथ 2.83 लाख 30 रुपये नेपाली मुद्रा, 2960 भारतीय रुपये, दो नेपाली नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की पहचान सूरज खरबार निवासी ठूठीबारी, चेत नरायन चौधरी (36), कुलनरायन चौधरी (42) निवासी बासा नवल परासी नेपाल के रूप में हुई। इन आरोपियों को जेल भेज दिया गया। संवाद