ऑनलाइन या कैश काउंटर पर भुगतान के 12 से 14 घंटे बाद भी नहीं जुड़ पा रही बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बिजली निगम के सर्वर और सिस्टम की खामी का हर्जाना उपभोक्ता भुगत रहे हैं। बेहतर व्यवस्था के लिए स्मार्ट मीटर लगवाने वाले उपभोक्ता भुगतान के 12 से 14 घंटे बाद भी कटी बिजली नहीं जुड़वा पा रहे हैं। विजय चौक के पास स्मार्ट मीटर कनेक्शन भुगतान के बाद भी बिजली नहीं जुड़ने की वजह से कुछ व्यापारियों को मजबूरन अपनी दुकानें बंद रखनी पड़ी।
यूनाइटेड सिनेमा में एन यादव के परिसर में स्मार्ट मीटर लगा है। इनका बिजली बिल 1645 रुपये का बकाया था। स्मार्ट मीटर में बकाएदारी की वजह से सेंट्रल सर्वर से बिजली गुल हो गई। बुधवार दोपहर में उन्होंने अपने बिजली बिल का बकाया जमा कर दिया। बकाएदारी खत्म होने के घंटों बाद भी बिजली नहीं जुट सकी। ऐसे ही, प्रशांत प्रसाद की दुकान पर बकाएदारी में बिजली काट दी गई थी। इनके परिसर में भी स्मार्ट मीटर लगा है। बकाएदारी 630 रुपये का भुगतान करने के बाद भी उनकी बिजली नहीं जुड़ सकी। अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर में तकनीकी परेशानी आ रही है। उपभोक्ताओं की शिकायतें आ रही। इनके कनेक्शन सेंट्रल सर्वर लखनऊ से जुड़े हैं। ऐसे में इनकी कटी बिजली सीधे लखनऊ से ही जुड़ती है।