उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में स्मार्ट मीटर वाले बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिल की गणना प्रभावित हो रही है। सर्वर की खामी से 300 उपभोक्ताओं का लखनऊ स्थित सेंट्रल सर्वर से नेटवर्क टूट गया। ऐसे में बिजली बिल की गणना प्रभावित हो रही।
महानगरीय विद्युत वितरण मंडल के चारों वितरण खंडों में एलएंडटी कंपनी ने करीब 55568 कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाया है। सभी मीटरों में वोडाफोन के सिम लगे होते हैं। नेटवर्क कंपनी के सर्वर से मीटर सीधे जुड़े होते हैं। जिनका कमांड शक्तिभवन स्थित सेंट्रल सर्वर से होता है।
उपभोक्ता के बिजली उपभोग के अनुसार ही उनका बिल रीडिंग की खपत के अनुसार बनकर सीधे उनके मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से भेज दिया जाता है। इस माह निर्धारित तिथि तक 46874 स्मार्ट मीटर पर बिजली बिल बन सके। एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार ने बताया कि लगभग 300 मीटरों में सर्वर की दिक्कत से कम्यूनिकेशन में अंतर हो गया।
उदाहरण के तौर पर बताया कि अक्सर ऊंचाई या अंडरग्राउंड की तरफ जाने पर मोबाइल का नेटवर्क चला जाता है। इससे कम्यूनिकेशन में अंतर आ जाता। यही स्मार्ट मीटर के साथ हुआ है। टीम लगाई गई है जल्द ही तकनीकी खामी दूर कर ली जाएगी।