69 हजार शिक्षकों की भर्ती के तहत गोरखपुर मंडल को 6278 नए शिक्षक मिलेंगे। इन शिक्षकों की काउंसिलिंग का कार्यक्रम शासन स्तर से जारी हो गया है। गोरखपुर में तीन से छह जून तक काउंसिलिंग का आयोजन होगा। यहां पर शिक्षकों के 1250 पद रिक्त चल रहे हैं।
पुरुष अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग डायट परिसर में तो महिला अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग बीएसए दफ्तर में होगी। काउंसिलिंग के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग पर प्रशासन का पूरा फोकस होगा। अभ्यर्थियों को मास्क लगाने के साथ ही छह फीट की दूरी के नियम को मानना अनिवार्य होगा। काउंसिलिंग केंद्रों पर सैनिटाइजर और साबुन की व्यवस्था मौजूद रहेगी।
हाथ को सैनिटाइज करने के बाद ही अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हो सकेंगे। बीएसए बीएन सिंह ने बताया कि काउंसिलिंग की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को उनके दस्तावेज का सत्यापन कराने के बाद खाली प्राथमिक विद्यालयों में से तैनाती स्थल चुनने का मौका ऑनलाइन दिया जाएगा। उसके बाद नियुक्ति पत्र जारी होगा।