गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के राजेंद्र हॉस्टल में जूनियर एमबीबीएस छात्रों की रैगिंग करने पहुंचे करीब छह सीनियर छात्रों को शिक्षकों ने पकड़ लिया। घटना चार दिन पुरानी बताई जा रही है। हॉस्टल में नए छात्रों के साथ रैगिंग की सूचना मिलने पर प्राचार्य समेत कई शिक्षक मौके पर पहुंचे। वहां सीनियर छात्रों को कड़ी फटकार लगाई गई और रैगिंग के गंभीर परिणामों के प्रति आगाह किया गया। इसके बाद सीनियर छात्रों ने शिक्षकों और जूनियर छात्रों से माफी मांगी। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र हॉस्टल में एमबीबीएस के 2026 बैच के छात्र रह रहे हैं। इन छात्रों ने करीब 15 दिन पहले ही मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया है। इसी बीच 2025 बैच के करीब छह सीनियर छात्र पर जूनियरों की रैगिंग करने हॉस्टल पहुंच गए थे। सूचना मिलते ही प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार समेत कई शिक्षक हॉस्टल पहुंचे। जूनियर छात्रों के सामने ही प्राचार्य ने सीनियर छात्रों को कड़ी फटकार लगाई।