ओवरलोड ट्रकों से वसूली के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपितों से सोमवार को जेल में पूछताछ होगी। एसआईटी को पूछताछ के लिए न्यायालय से अनुमति मिल गई है। एसआईटी के साथ एसटीएफ निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह भी मौजूद होंगे।
जानकारी के मुताबिक, ओवरलोड ट्रकों से वसूली के मामले में गिरफ्तार किए गए सरगना मधुबन होटल के मालिक धर्मपाल सिंह, मनीष सिंह समेत छह आरोपित जेल में बंद हैं। परिवहन घोटाले के खेल में आरटीओ के अफसर, कर्मचारी और सिपाहियों के मिलीभगत की बात सामने आने पर एसएसपी ने मुकदमे की विवेचना एसआईटी से कराने का निर्णय लिया। एसआईटी ने मामले की तह तक जाने के लिए मुकदमे से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य अपने कब्जे में ले ली। एसआईटी फर्द पढ़ने के साथ ही अब तक मिले साक्ष्यों का अध्ययन कर अन्य सबूत जुटा रही है।
इसके अलावा, शनिवार को एसआईटी ने जेल में बंद आरोपितों का बयान दर्ज करने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी। एसआईटी प्रभारी सुमित शुक्ला ने बताया कि कोर्ट से अनुमति मिल गई है। सोमवार को टीम जेल में जाकर बयान दर्ज करेगी। इसके बाद भी अगर जरूरत पड़ेगी तो उनको रिमांड पर लेकर भी पूछताछ की जाएगी।