सीरो सर्वे के साथ हेपेटाइटिस बी और सी की होगी जांच
स्वास्थ्य विभाग की 10 टीमें सर्वे में जुटीं, केजीएमयू की टीम करेगी निगरानी
गोरखपुर। कोरोना वायरस की पहचान और संक्रमण से बचाव के लिए शुरू हुए सीरो सर्वे के साथ हेपेटाइटिस बी और सी की जांच भी होगी। इसे लेकर जिले में स्वास्थ्य विभाग की 10 टीमें गठित की गई हैं। केजीएमयू की टीम सीरो सर्वे की निगरानी करेगी।
जानकारी के मुताबिक, जिले में सितंबर माह से सीरो सर्वे शुरू होगा। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लखनऊ की देखरेख में टीम सीरो सर्वे करेगी। सीरो सर्वे के साथ टीम हेपेटाइटिस बी व सी के संक्रमण की पहचान भी करेगी। इसे लेकर प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन ने आदेश जारी किए हैं। सीरो सर्वे के लिए जिले में 10 टीमों का गठन किया गया है। टीम रैपिड टेस्ट किट से पहचान करेगी।
हर टीम में डॉक्टर सहित पांच लोग होंगे। इसमें लैब टेक्नीशियन, लैब असिस्टेंट, आशा व एएनएम भी होंगी। ये टीमें तीन अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर 2424 लोगों के खून के नमूने लेंगी। इन्हीं नमूनों से एंटी बॉडी के साथी हेपेटाइटिस बी और सी की जांच होगी।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि सीरो सर्वे के साथ हेपेटाइटिस बी और सी की भी जांच होगी। इससे एक साथ दो बीमारियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
हेपेटाइटिस-बी कई बीमारियों का कारक
हेपेटाइटिस-बी को साइलेंट किलर कहा जाता है। हेपेटाइटिस-बी लिवर को प्रभावित करने वाला एक वायरस संक्रमण है। इससे कई बीमारियां होती हैं। इनमें कैंसर भी शामिल है। कोरोना और हेपेटाइटिस में कई समानताएं हैं। दोनों बीमारियां वायरस के संक्रमण के कारण होती हैं। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम उठाया है। माना जा रहा है कि इससे दोनों वायरस की पहचान हो सकेगी और समय रहते कारगार कदम उठाए जा सकेंगे।