डीडीयू के संस्कृत एवं प्राकृत भाषा विभाग आयोजित हुई कार्यशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संस्कृत एवं प्राकृत भाषा विभाग एवं भारतीय भाषा समिति नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में सरल मानक संस्कृत कार्यशाला का आयोजन सोमवार को किया गया। उद्घाटन सत्र में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर के संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रो. श्रीप्रकाश पांडेय ने कहा सरल मानक संस्कृत आज के समाज को बहुत आवश्यक है, इसी से संस्कृत का भविष्य निश्चित होगा।
श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति प्रो. मुरली मनोहर पाठक ने सारस्वत अथिति के रूप में संस्कृत के सार्वभौमिक प्रयास कैसे करने चाहिए, उस पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। कार्यशाला का समापन संस्कृत भारती गोरक्ष प्रांत मंत्री डॉ. जोखन पांडेय की अध्यक्षता में हुआ।
मुख्यवक्ता के रूप में संस्कृत भारती अवध प्रांत मंत्री डॉ. अनिल कुमार एवं डॉ. अतुल कुमार शुक्ला सहायक आचार्य बापू पीजी कॉलेज पीपीगंज ने चर्चात्मक रूप से कार्यशाला को सफल बनाया। कार्यशाला में संस्कृत विभाग के अतिरिक्त विश्वविद्यालय के अनेक विभागों के छात्र छात्राएं तथा विश्वविद्यालय से संबंधित गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज के महाविद्यालय से बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग किया। दिल्ली विश्वविद्यालय के दो छात्रों ने कार्यशाला में प्रतिभाग किया।