- पचपेड़वा गांव में एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
- कटान से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका बलरामपुर निवासी युवक, वन विभाग को सौंपा गया
ढेबरूआ। थाना कठेला समय माता क्षेत्र के पचपेड़वा गांव में अवैध रूप से सागवान के पेड़ काटे जाने की सूचना पर 50वीं वाहिनी एसएसबी बढ़नी कैंप और वन विभाग इटवा रेंज की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मौके से सागवान की लकड़ी काटते एक युवक को दबोच लिया। उसके कब्जे से 15 बोटे सागवान की लकड़ी, 17 जड़ और लकड़ी काटने की तीन मशीनें बरामद की गईं।
एसएसबी के अनुसार, 23 सितंबर को गोपनीय सूचना मिलने पर टीम वन विभाग के कर्मचारियों के साथ पचपेड़वा गांव पहुंची। वहां एक व्यक्ति सागवान की लकड़ी काटता मिला। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान रामू पुत्र कृष्ण मुरारी (25) निवासी राजपुर, थाना गैसड़ी, जिला बलरामपुर के रूप में हुई। आसपास कुछ कटे हुए पेड़ भी पड़े थे। टीम ने लकड़ी कटान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
वन कानून के उल्लंघन के मामले में पकड़े गए व्यक्ति और बरामद लकड़ी व उपकरणों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग इटवा रेंज को सौंप दिया गया।