शहर के बुद्ध विद्या पीठ महाविद्यालय में पीसीएस की परीक्ष देकर बाहर निकलते विद्यार्थी। संवाद
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को पीसीएस- प्री की परीक्षा आयोजित की गई। दो पाली में आयोजित परीक्षा में जहां रीजनिंग के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाए रखा, वहीं अंग्रेजी के प्रश्नों ने उनका पसीना छुड़ा दिया।
परीक्षार्थियों की उपस्थिति की बात करें तो 6144 में 3471 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेट केंद्रों का निरीक्षण करके जायजा लेते रहे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित पीसीएस-प्री की परीक्षा प्रथम पाली 9:30 बजे से शुरु होकर 11:30 तक थी। जिले में बनाए गए 15 केंद्रों पर सुबह आठ बजे ही परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंच गए। यहां बायोमेट्रिक हाजिरी के साथ ही गेट और परीक्षा कक्ष में चेकिंग की गई।
इसके बाद परीक्षा शुरु हुई। सेक्टर स्टेटिक मजिस्ट्रेट निरीक्षण करते रहे। इसके लिए सभी एसडीएम और सीओ केंद्र का जायजा लेते रहे। डीएम डॉ. राजा गणपति आर और एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने भी कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इसी प्रकार से दूसरी पाली की परीक्षा दाेपहर 2:30 बजे से शुरु होकर 4:30 बजे तक चली। परीक्षा शुरु होते समय तो दिक्कत नहीं हुई, लेकिन परीक्षा छूटते समय लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। मुख्य मार्ग के केंद्रों पर आवागमन रोक दिया गया। इसके साथ ही पुलिसकर्मी एक-एक बच्चों को निकालते हुए देखे गए।
इस संबंध में डीएम डॉ. राजगणति आर ने बताया कि जनपद में परीक्षा सकुशल और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया गया है। कहीं किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई।