- बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर टेढ़िया चौराहे का मामला, हादसे में बाइक सवार गंभीर, बांसी में भर्ती
पथरा। क्षेत्र के बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर टेढ़िया चौराहे के पास बृहस्पतिवार दोपहर बाइक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पिकअप के अगले हिस्से में फंस गई। आरोप है कि चालक वाहन रोकने के बजाय बाइक को करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता हुआ भागता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीछा कर पिकअप चालक को दबोच लिया।
सिसई कला के इस्लामपुरवा निवासी शमीम (55) पुत्र यासीन बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे बाइक से चौराहे की ओर जा रहे थे। टेढ़िया चौराहे के पास बांसी की ओर से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पिकअप के अगले हिस्से में फंस गई।
आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने पिकअप रोकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। बाइक पिकअप में फंसी होने के कारण करीब पांच किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। इस दौरान बाइक से चिंगारी निकलती रही। घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम और थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने पिकअप का पीछा किया। पुलिस ने थाने से करीब दो किलोमीटर दूर खोरिया चौराहे से पहले पिकअप को रोक लिया और चालक को कब्जे में ले लिया।
वहीं, हादसे में घायल शमीम को परिजन उपचार के लिए बांसी अस्पताल ले गए। जहां उनका उपचार चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।