गोल्हौरा। बांसी-इटवा मार्ग पर विशुनपुर नर्सरी के पास शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी पहुंचाया। घायल युवकों की पहचान विशुनपुर निवासी गोलू मिस्त्री (24), मझवन खुर्द निवासी अर्जुन (18) और अरुण (17) साल के रूप में हुई है। हादसे में घायल तीनों युवकों का इलाज सिद्धार्थनगर में निजी हास्पिटल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी तेज गति में थी और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। थानाध्यक्ष गोल्हौरा राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस पहुंची थी। कार और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।