गोरखपुर। युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में गोरखनाथ मंदिर में बुधवार से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ होगा। कथा के शुभारंभ अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। 23 से 29 सितंबर तक चलने वाली कथा में वृंदावन के मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास देवाचार्य श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे।
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि बुधवार को दोपहर 2:30 बजे अखंड ज्योति और श्रीमद्भागवत महापुराण की शोभायात्रा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के गर्भगृह से दिग्विजयनाथ स्मृति भवन स्थित कथा स्थल तक निकाली जाएगी। कथा प्रतिदिन दोपहर तीन से शाम छह बजे तक होगी। कथा का सीधा प्रसारण गोरखनाथ मंदिर के फेसबुक पेज और यू-ट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दोपहर दो बजे से विभिन्न मार्गों से निशुल्क बस सेवा उपलब्ध रहेगी। बसें महुआतर ओवरब्रिज, महेसरा, मोहरीपुर, बरगदवा, राजेंद्रनगर होते हुए गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगी। दूसरे मार्ग की बसें गीता वाटिका, असुरन चौक, एचएन सिंह चौराहा, राप्तीनगर उपकेंद्र, स्पोर्ट्स कॉलेज, जंगल नकहा ओवरब्रिज, राणी सती मंदिर और रामनगर चौराहा होते हुए मंदिर पहुंचेंगी। तीसरे मार्ग पर मुंशी प्रेमचंद पार्क, टीडीएम स्कूल, अलहदादपुर चौराहा, बेतियाहाता चौराहा, गोलघर, काली मंदिर, धर्मशाला पुल और तरंग क्रासिंग होते हुए बसें मंदिर आएंगी। चौथे मार्ग पर इंजीनियरिंग कॉलेज, गिरधरगंज, छात्रसंघ चौराहा, विश्वविद्यालय चौराहा, कार्मल स्कूल, यातायात तिराहा, धर्मशाला और तरंग क्रासिंग होते हुए बस सेवा उपलब्ध रहेगी।