शार्ट फिल्म ‘नमस्ते’ और ‘डेरवा’ ने जीते पुरस्कार गोरखपुर। लॉकडाउन के बीच स्वास्थ्य विभाग की दो शार्ट फिल्में ‘नमस्ते’ और ‘डेरवा’ ने टैगोर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बाजी मारी है। डेरवा फिल्म को फेस्टिवल के सीजन 10 में आउटस्टैंडिंग एचीवमेंट अवार्ड के लिए चुना गया है।जबकि नमस्ते फिल्म को सीजन 11 के तहत पुरस्कार मिला है। कोविड-19 पर आधारित फिल्म ‘नमस्ते’ यू-ट्यूब के अलावा एमेजॉन प्राइम पर भी उपलब्ध है। शार्ट फिल्म ‘डेरवा’ की कहानी उत्तर प्रदेश के पहले नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेशन (एनक्वास) में चयनित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डेरवा की सफलता पर आधारित है। दोनों फिल्में लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करती हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि दोनों फिल्में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से क्रियेटिव क्रू ने बनाया है और उसके यू-ट्यूब चैनल पर फिल्म मौजूद है। उन्होंने फिल्म के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले एसीएमओ डॉ. नीरज कुमार पांडेय, क्रियेटिव क्रू से जुड़े अश्विन आलोक, शुभम पांडेय, जिला क्वालिटी कंसल्टेंट डॉ. मुस्तफा और विभाग के अन्य संबंधित लोगों को बधाई दी है।