फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऋषभ यादव हत्याकांड : नए सुरागों से जांच में तेजी, दोस्त और ‘गुमटी’ वाली महिला रडार पर

Mon, 23 Mar 2026 02:37 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
गगहा (गोरखपुर)। गगहा क्षेत्र के रावतपार में शौचालय के टिनशेड पर मिले ऋषभ यादव की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। मामले में दोस्त और ‘गुमटी’ वाली महिला पुलिस के रडार पर है। जल्द पर्दाफाश की उम्मीद है। घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर कहला स्थित देसी शराब की दुकान के पीछे ऋषभ के दोनों जूते बरामद हुए हैं। परिजनों की ओर से पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने जूतों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जूतों का घटना स्थल से दूर मिलना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि हत्या कहीं और कर शव को दूसरी जगह फेंका गया हो सकता है।
विज्ञापन

गगहा थाना के रावतपार निवासी ऋषभ यादव बैंकाक रहता था। फरवरी में बहन की शादी में वह घर आया था। इसी बीच बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव नग्न अवस्था में गांव में स्थित शौचालय के टिनशेड पर मिला। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे थे। पुलिस के समझाने पर आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक की पत्नी चांदनी को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए थे।
ग्रामीणों के अनुसार, ऋषभ नशे का आदी था और अक्सर अपने दोस्तों के साथ देखा जाता था। इसी आधार पर पुलिस अब उसके करीबी दोस्तों को रडार पर लेकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना वाली रात ऋषभ किन लोगों के साथ था और आखिरी बार उसे किसने देखा था।
विज्ञापन

जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल से करीब 250 मीटर दूर गुमटी चलाने वाली एक महिला और उसकी बेटियों से भी लंबी पूछताछ की है। पुलिस को शक है कि इन लोगों ने घटना से जुड़ी कोई अहम जानकारी देखी या सुनी हो सकती है।
मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लिया है। करीब एक दर्जन संदिग्धों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली जा रही है। साथ ही व्हाट्सएप चैट और लोकेशन डेटा के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय कौन-कौन लोग मौके के आसपास मौजूद थे।



10 लोग हिरासत में, तीन महिलाएं भी शामिल
पुलिस ने अब तक तीन संदिग्ध महिलाओं समेत करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों से मिल रहे इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वजह और आरोपियों की भूमिका जल्द ही स्पष्ट हो सकती है। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें