गोरखपुर जिले केपिपराइच क्षेत्र के जंगल धूसड़ स्थित टीनशेड के कमरे में मिली शफीना की हत्या उसके ही दोस्त संतोष चौधरी ने की थी। जांच में पता चला कि शफीना संतोष पर शादी का दबाव बना रही थी, इसी वजह से उसने दुपट्टे से गला कसकर तीन नवंबर को ही मौत के घाट उतार दिया था। पिपराइच पुलिस ने आरोपी को बृहस्पतिवार को कोनी तिराहे के पास से गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर लिया।
पकड़ा गया आरोपी संतोष कुमार चौधरी बिहार के कुम्हिया का स्थायी निवासी है। गोरखपुर में किराये का कमरा लेकर वह बिल्डिंग मैटेरियल के दुकान मालिक की गाड़ी चलाता है। थानेदार सूरज सिंह के मुताबिक, गुलरिहा के हरसेवकपुर की रहने वाली शफीना की शादी कुछ साल पहले हुई थी, लेकिन वह पति से अलग जंगल धूसड़ में किराये के कमरे में रहती थी।
इसी दौरान सात नवंबर को कमरे से बदबू आने पर पुलिस को शव मिलने की जानकारी दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की तो पता चला कि संतोष से आखिरी बार शफीना से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि तीन नवंबर को वह मीट लेकर शफीना के पास गया था। इस दौरान वह शादी का दबाव बनाने लगी। इसी बात पर झगड़ा हो गया और फिर दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद चादर से ढककर वह फरार हो गया था।