गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सोमवार को कुलपति प्रो. जेपी सैनी की अध्यक्षता में बिल्डिंग वर्क्स कमेटी की बैठक हुई। इसमें कैंपस की सभी सड़कों के चौड़ीकरण समेत विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। इन प्रस्तावों पर 27 फरवरी को वित्त समिति की बैठक में मुहर लगेगी।
बैठक में मुख्य सड़क को छोड़कर अन्य सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा गया। निर्णय लिया गया कि आवासीय क्षेत्रों में सड़कों की चौड़ाई 3.75 मीटर और अन्य सड़कों की चौड़ाई पांच मीटर होगी। मुख्य सड़क की चौड़ाई यथावत रहेगी। सड़कों के चौड़ीकरण पर 4.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा निर्माणाधीन फार्मेसी बिल्डिंग में फैकल्टी चेंबर्स, सभी कार्यालयों, क्लासरूम्स, लैब आदि में सेंट्रलाइज्ड एसी लगेगी। सिविल और इलेक्ट्रिकल विभागों के भवनों की मरम्मत को भी मंजूरी दी गई।
कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि बिल्डिंग वर्क्स कमेटी के प्रस्तावों को वित्त समिति की बैठक में रखा जाएगा। वित्त समिति की बैठक में सत्र 2026-27 का बजट भी पास होगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद नए वित्तीय सत्र में कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। समय के साथ कैंपस में छात्रों और वाहनों की संख्या बढ़ी है। इसलिए सड़क चौड़ीकरण जरूरी है।