गोरखपुर। खिलाड़ियों की बेहतर ट्रेनिंग और चयन के अधिक मौकों के लिए पूर्वाेत्तर रेलवे तीन जगहों पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) का सेंटर बनवाने की तैयारी कर रहा है। गोरखपुर, लखनऊ और इज्जतनगर (बरेली) में साई के सेंटर के लिए एनईआर ने रेलवे खेलकूद विकास बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। एनईआर को उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी।
पूर्वाेत्तर रेलवे ने प्रस्ताव में गोरखपुर में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और कुश्ती के लिए सेंटर खोलने की मांग की है। इसे सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में बनाया जाएगा। इसके अलावा लखनऊ में एथलेटिक्स और कुश्ती के लिए बरेली में एथलेटिक्स के सेंटर के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। सेंटर के लिए रेलवे अपनी तरफ से जमीन उपलब्ध कराएगी। रेलवे खेलकूद विकास बोर्ड से यह प्रस्ताव खेल मंत्रालय को जाएगा।
चयन में मिलेगी प्राथमिकता
साई के सेंटर में खिलाड़ियों को सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि उन्हें बड़ी प्रतियोगिताओं में प्राथमिकता मिलेगी। यहां पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के ट्रेनर मिलेंगे, जिससे उनकी ट्रेनिंग बेहतर होगी। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन के भी ज्यादा मौके मिलेंगे। इससे लोकल स्तर पर खेलों को बढ़ावा मिलेगा। साई के सेंटर में खिलाड़ियों की डाइट पर भी खास ध्यान होता है। यहां फंड की कमी नहीं होती। खिलाड़ियों को कितनी डाइट दी जानी है और डाइट में क्या कुछ होना चाहिए, यह सब कुछ तय होता है।
तैयार होंगे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना है। साई में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने के साथ ही युवा प्रतिभाओं को निखारने का काम भी किया जाता है। साई के सेंटर पूरे देश में फैले हैं, जहां खेल में रुचि रखने वालों को बेहतर ट्रेनिंग दी जाती है। यहां से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होते हैं। इसके अलावा, साई की ओर से फिजिकल एजुकेशन और स्पोर्ट्स से जुड़े कई डिग्री और डिप्लोमा प्रोग्राम भी कराए जाते हैं।
गोरखपुर, लखनऊ और इज्जतनगर में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया का सेंटर खोलने की तैयारी है। इसके लिए रेलवे खेलकूद विकास बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। सेंटर नामित होने से खिलाड़ियों को बहुत सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
-पंकज कुमार सिंह, महासचिव, पूर्वाेत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ