होली में मिलावटी खोवा खपाने के लिए मिर्जापुर से एक बोलेरो में लाया गया सात क्विंटल खोवा शनिवार सुबह पकड़ा गया। खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग की टीम ने खोवा मंडी जाने से पहले ही बोलेरो चालक को रोक लिया। प्राथमिक जांच में गुणवत्ता खराब मिलने पर खोवा जब्त कर गाड़ी को सीज कर दिया गया। खोवा का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। वहीं, मिर्जापुर से खोवा मालिक को बुलाया गया है।
मिलावटखोरी को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिले में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग ने धरपकड़ तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को एक बोलेरो वाहन को पकड़ा गया, जिसमें लगभग सात क्विंटल खोवा लदा हुआ था। विभाग को पहले ही सूचना मिली थी कि प्राइवेट वाहन से खोवा मंडी में उतारने के लिए लाया जा रहा है।
टीम ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को मंडी पहुंचने से पहले ही रोक लिया। गाड़ी में 14 बोरी में खोवा रखा था। प्राथमिक जांच में पाया गया कि इसे लंबे समय तक कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। खोवा का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया। जिससे स्पष्ट होगा कि यह स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में खोवा की गुणवत्ता खराब पाई गई है और यह उपयोग योग्य लायक नहीं। खोवा को जब्त कर लिया गया है तथा मिर्जापुर के खोवा मालिक को बुलाया गया है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।