गोरखपुर के गगहा इलाके के शिवराजपुर गांव में मंगलवार को आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हो गई। मारपीट में चार महिलाओं समेत सात लोगों को चोटें आई हैं। सभी को पीएचसी कौड़ीराम लाया गया।
डॉक्टर ने हालत गंभीर देख सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, मनबढ़ों के इस कृत्य को किसी ग्रामीण ने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होने और तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने बुधवार की देर शाम तक कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों में आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक, शिवराजपुर गांव के सुजीत गुप्ता, फौजदार, भोला गुप्ता दरवाजे के सामने स्थित पेड़ से आम तोड़ रहे थे। जानकारी होने पर गांव के ही दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए और तीनों पर हमला कर दिया।
उनको बचाने पहुंचीं दो बुजुर्ग महिलाओं को भी नहीं बख्शा। घटना को गांव के ही एक व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि नीचे गिरे एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई की जा रही है। उसको बचाने पहुंची महिला पर युवक लाठी से हमला कर रहा है। घायल फौजदार ने थाने में तहरीर दी है।