छात्रा की पिटाई का यही फोटो वायरल हुआ
- फोटो : सोशल मीडिया
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खजनी की छात्राओं को पीटने के आरोप में वार्डेन अर्चना पांडेय पर सोमवार को बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी के अनुमोदन पर बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने वार्डेन की संविदा समाप्त कर दी। सोमवार को वार्डेन ने लिखित स्पष्टीकरण बीएसए को सौंपा, जिसका परीक्षण किया गया। संविदा की सेवा शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें खजनी के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में वार्डेन अर्चना पांडेय छात्रा को डंडे से मारते दिख रही हैं। इसके बाद वीडियो में ही एक-एक करके कई छात्राओं ने चोट दिखाते हुए वार्डेन पर मारने का आरोप लगाया गया। इस मामले की जानकारी होने पर बीएसए ने तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए कस्तूरबा विद्यालय में शनिवार को भेजी।
टीम से कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने बताया कि वार्डेन सीसीटीवी कैमरा बंद करके उनसे पूरे स्कूल में झाड़ू-पोछा लगवाती हैं। साबुन, तेल, सर्फ, सेनेटरी पैड और काॅपी मांगने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए देने से मना कर दिया जाता है। फिनायल और एसिड से शौचालय साफ करवाया जाता है, इसके लिए उन्हें ब्रश भी नहीं दिया जाता है।
रसोइया द्वारा भोजन पकाने में घोर लापरवाही बरती जाती है। वार्डेन द्वारा मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं बनवाया जाता है। इन आरोपों के आधार पर जांच टीम ने रिपोर्ट तैयार कर बीएसए को सौंपी थी। इन आरोपों पर बीएसए ने वार्डेन से सोमवार को ऑफिस आकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया था।
बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालय जाकर टीम ने जांच की थी। जिसमें वार्डेन पर कई गंभीर आरोप छात्राओं द्वारा लगाए गए थे। जांच में वार्डेन पर लगे आरोप सही पाए गए। शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में वार्डेन की संविदा समाप्त कर दी गई।