महराजगंज। जिले के रजिस्ट्री कार्यालयों में कई दिनों से जारी सर्वर की समस्या अब पूरी तरह ठीक हो गई है। सर्वर की बहाली के बाद बृहस्पतिवार को बैनामा कराने पहुंचे लोगों ने राहत की सांस ली। सर्वर सुचारू रूप से चालू होने के बाद कुल 130 संपत्तियों की रजिस्ट्री की गई।
जानकारी के अनुसार,आठ से लेकर 11 नवंबर तक पूरे प्रदेश के रजिस्ट्री कार्यालयों में सर्वर ठीक किया जा रहा था। प्रदेश स्तर पर मेघराज क्लाउड सर्वर को नेशनल क्लाउड सर्वर से जोड़ने का कार्य किया जा रहा था। यह तकनीकी अपडेट ई-गवर्नेंस प्रणाली को और बेहतर बनाने तथा डेटा सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बुधवार को जब सर्वर को नया नेशनल क्लाउड सर्वर से जोड़ा गया, तब भी नेटवर्क अस्थिर रहा और पूरे जिले में केवल 42 संपत्तियों की ही रजिस्ट्री हुई थी।