गोरखपुर जिले में ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष अनीश चौधरी के हत्यारों को कड़ी सजा दिलाने और परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा व एक सदस्य को नौकरी दिलाने के लिए संघ पदाधिकारियों ने गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
संघ के अध्यक्ष रमेश चंद्र कुशवाहा ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार नहीं हुआ तो पूरा पंचायती राज विभाग प्रदेश स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होगा। अनीश की 24 जुलाई को गोपालपुर (गोला) चौराहे पर धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी।
संघ ने इस ज्ञापन में गगहा थाना अंतर्गत सोहगौरा चौकी प्रभारी विनय मिश्रा की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। मृतक की पत्नी ग्राम पंचायत अधिकारी दीप्ति मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके बयान के साथ चौकी प्रभारी ने छेड़छाड़ की।
संगठन ने प्रकरण में संलिप्त पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई, चौकी प्रभारी व थाना प्रभारी को तत्काल जिले से बाहर स्थानांतरण, न्यायालय की देख-रेख में अन्य एजेंसी से जांच, मृतक की पत्नी दीप्ति मिश्रा को सुरक्षा देने की मांग भी रखी। साथ ही कहा कि मौजूदा परिवेश में सभी ग्राम पंचायत सचिवों को उनके मांग के आधार पर शस्त्र लाइसेंस दिया जाय।