गिरधरगंज में कार सवार का सिर फोड़ने की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पीड़ित की तहरीर पर एम्स पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लिए
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कूनराघाट क्षेत्र के गिरधारगंज में स्कूटी सवार तीन युवकों ने कार सवार से मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़ कर थाने ले जाने लगी तभी उसके तीन-चार साथियों ने पुलिस से हाथापाई कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। पीड़ित की तहरीर पर थाना एम्स पुलिस कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार थाना शाहपुर के मैत्रीपुरम निवासी प्रद्युम्न नाथ दुबे शाम करीब सात बजे गिरधरगंज सब्जी खरीदने गए थे। सब्जी खरीद के बाद अपने पालतू कुत्ते के लिए खाने का सामान खरीदने पेट शॉप जा रहे थे तभी स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनकी कार में टक्कर मार दी जिससे विवाद हो गया। इस बीच हमला कर प्रद्युम्न का सिर फोड़ दिया गया।
सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को एम्स थाना चलने के लिए कही तो आरोपी दबंगई दिखाने लगे तब पुलिस उन्हें पकड़ कर ले जाने लगी। इतने में आरोपियों के तीन-चार साथी आ गए और जबरन एक आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस से हाथापाई पर उतर आए। जानकारी होते ही थाने से और पुलिसकर्मी पहुंच गए। पुलिस एक आरोपी को थाने ले आई लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर उसके बाकी साथी फरार हो गए। पुलिस कार्रवाई कर रही है।