गोरखपुर। अनुसूचित जाति,जनजाति संगठनों के संयुक्त मोर्चा ने मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को 20 सूत्रीय ज्ञापन भेजा। मोर्चा ने प्रदेश में दलित उत्पीड़न बढ़ने और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़े जाने पर आक्रोश जताया।
मोर्चा के अध्यक्ष हरि शरण गौतम ने कहा कि 12 सितंबर को हड़हवा फाटक स्थित आंबेडकर पार्क में हुई जनसभा में ये मांगें तय की गईं थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एससी-एसटी एक्ट में गिरफ्तारी पर रोक से 98 फीसदी आरोपी छूट रहे हैं। इस मौके पर उनकी प्रमुख मांगें सभी सरकारी विभागों में खाली करोड़ों पदों पर नियमित भर्ती,सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में बेचना बंद हो, स्पेशल कंपोनेंट योजना का बजट सिर्फ दलितों पर खर्च हो, छात्रवृत्ति की आय सीमा ढाई लाख से बढ़ाकर आठ लाख की जाए, दलित युवाओं को बिना गारंटर पांच लाख रुपये तक का लोन चार फीसदी ब्याज पर मिले रहीं।
इस दौरान संरक्षक डॉ. राम समुझ,ेेेेेे रामचंद्र त्यागी, आरबी भास्कर, सुशील कुमार, उमाशंकर आर्य, रवींद्र कुमार, बांकेलाल गौतम समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।