गोरखपुर। जिले में पड़ रही प्रचंड गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बड़ी संख्या में एसी, कूलर, पंखा और इन्वर्टर की खरीदारी कर रहे हैं। इसके चलते शहर का इलेक्ट्रॉनिक बाजार इन दिनों पूरी तरह गुलजार नजर आ रहा है। वहीं बिजली की आवाजाही और ओवरलोडिंग के कारण खराब हो रहे उपकरणों की मरम्मत का काम भी तेजी से बढ़ा है, जिससे कारोबारियों की कमाई में अच्छा इजाफा हुआ है।
बैंक रोड के व्यापारी अंबरीश ओझा ने बताया कि बाजार में सबसे अधिक मांग डेढ़ टन क्षमता वाले एसी की है। एक सप्ताह पहले जहां उनकी दुकान पर प्रतिदिन दो से तीन एसी बिकते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 10 से 12 तक पहुंच गई है। उनका अनुमान है कि जिले में पिछले 10 दिनों के दौरान करीब 1,800 से अधिक एसी की बिक्री हुई है। एसी के थोक व फुटकर व्यापारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि एसी की मांग अचानक बढ़ने से थोक आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है। स्थिति यह है कि नया ऑर्डर देने पर माल आने में छह से दस दिन तक का समय लग रहा है। डेढ़ टन एसी की सबसे ज्यादा मांग होने के कारण इसकी उपलब्धता प्रभावित हुई है। वहीं गर्मी के साथ बढ़ रही बिजली कटौती ने इन्वर्टर और बैटरी की बिक्री को भी बढ़ावा दिया है। अंबरीश ओझा के अनुसार एक अच्छा इन्वर्टर 18 से 19 हजार रुपये तक में उपलब्ध है, जबकि बैटरी की कीमत करीब 14 हजार रुपये है। पिछले 10 दिनों में जिले में एक हजार से अधिक इन्वर्टर और बैटरियों की बिक्री हुई है। इलेक्टि्रक के थोक फुटकर विक्रेता अमरेश श्रीवास्तव ने बताया कि पंखा और कूलर की मांग भी कई गुना बढ़ गई है। पहले जहां एक दुकान पर प्रतिदिन एक या दो कूलर अथवा पंखे बिकते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर पांच या उससे अधिक हो गई है। सुबह से लेकर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ दुकानों पर बनी रहती है।
-मरम्मत के लिए आ रहे कूलर व पंखे
शहर में बिजली के लगातार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और ओवरलोड की वजह से टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने की शिकायतें भी बढ़ी हैं। मरम्मत करने वाले तकनीशियनों के पास काम का दबाव बढ़ गया है। पादरी बाजार के दुकानदार संजय का कहना है कि इन दिनों उपकरण मरम्मत के लिए ज्यादा आ रहे हैं। पूरे दिन उपकरणों की मरम्मत की जा रही है। एक उपकरण को दो से तीन दिन में मरम्मत कर लोगों को दिया जा रहा है।
-