उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बेलवा कारखाना क्षेत्र के भड्सरवा गांव में बुधवार की रात एक झोपड़ी में आग लग गई। इससे झोपड़ी में अकेले सो रहे 94 वर्षीय एक बुजुर्ग की झुलसकर मौत हो गई।
बुजुर्ग की पत्नी करीब सात वर्ष पहले मौत हो चुकी है। सूचना पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक अवधेश मिश्र, लेखपाल पीयूष धर द्विवेदी और पटहेरवा पुलिस ने ग्राम प्रधान दिनेश चौरसिया की देखरेख में शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव भड़सरवा निवासी जद्दन गौंड़ (94) के तीन बेटे देवनारायन, जयश्री और महेंद्र गौंड़ हैं। तीनों बेटों की शादी हो चुकी है। साढ़े तीन कठ्ठा जमीन जद्दन के पास है। परिवार के सभी सदस्य मजदूरी कर गुजर बसर कर रहे हैं। सात साल पहले हुई पत्नी की मौत के बाद से जद्दन अकेले एक झोपड़ी में रहते थे।
चल नहीं पाने कारण परिवार के लोग झोपड़ी में ही उनको खाना दे देते थे। बुधवार की देर रात उनके झोपड़ी में घर में आग लग गई। लोग जब तक कुछ समझ पाते उससे पहले आग की लपटों में पूरी तरह घिर चुके थे।
आग की चपेट में आने से जद्दन गंभीर रूप से झुलस गए। आग बुझाने के लिए परिवार के लोग गांव के लोगों के साथ प्रयास किया और किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन बुजुर्ग को बचा नहीं पाए और आग में झुलसे से उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार की सुबह राजस्व निरीक्षक अवधेश मिश्र, लेखपाल और पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजस्व निरीक्षक अवधेश मिश्र का कहना है मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया गया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।