गोरखपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चिकित्सा शिक्षा और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। संस्थान की नौवीं स्टैंडिंग एकेडमिक कमेटी (एसएसी) की बैठक में पांच नए सुपर स्पेशियलिटी एवं पोस्ट डॉक्टोरल सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिल गई है। इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के छात्रों को उन्नत चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
मंजूर किए गए पाठ्यक्रमों में एमसीएच न्यूरोसर्जरी, डीएम क्लीनिकल फार्माकोलॉजी, पीडीसीसी इन एफेरेसिस एंड कंपोनेंट थेरेपी, पीडीसीसी इन आर्थ्रोप्लास्टी और पीडीसीसी इन आर्थ्रोस्कोपी एंड स्पोर्ट्स इंजरी शामिल हैं। ये पाठ्यक्रम क्रमशः न्यूरोसर्जरी, फार्माकोलॉजी, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन और ऑर्थोपेडिक्स विभागों के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे।
मीडिया प्रभारी डॉ. अरूप माेहंती ने बताया कि एमसीएच न्यूरोसर्जरी पाठ्यक्रम शुरू होने से जटिल मस्तिष्क एवं रीढ़ संबंधी रोगों के उपचार और शोध को बढ़ावा मिलेगा। वहीं डीएम क्लीनिकल फार्माकोलॉजी के माध्यम से दवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, क्लीनिकल रिसर्च और नई औषधियों के मूल्यांकन में विशेषज्ञ तैयार किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में शुरू होने वाला पीडीसीसी इन एफेरेसिस एंड कंपोनेंट थेरेपी पाठ्यक्रम रक्त एवं रक्त अवयवों से जुड़े आधुनिक उपचारों में विशेषज्ञता प्रदान करेगा। इसके अलावा ऑर्थोपेडिक्स विभाग में पीडीसीसी इन आर्थ्रोप्लास्टी तथा पीडीसीसी इन आर्थ्रोस्कोपी एंड स्पोर्ट्स इंजरी पाठ्यक्रमों के माध्यम से जोड़ों के प्रत्यारोपण, खेल चोटों के उपचार और अत्याधुनिक सर्जिकल तकनीकों में प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार होंगे।
कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने बताया कि नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत से एम्स गोरखपुर में शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार होगा और संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में अपनी पहचान और मजबूत करेगा। साथ ही क्षेत्र के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों और उन्नत उपचार सुविधाओं का अधिक लाभ मिल सकेगा। इन पाठ्यक्रमों के संचालन से सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।