पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर थाना क्षेत्र के जंगल तिनकोनिया नंबर एक स्थित विश्वनाथपुरम कॉलोनी में रविवार सुबह स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन लूट लिया और भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथपुरम कॉलोनी निवासी साहिल कुमार रविवार सुबह करीब सात बजे अपनी मां राजकुमारी देवी को साइकिल से पादरी बाजार चौराहे तक छोड़ने गए थे। उनकी मां खजांची चौराहा स्थित एक अस्पताल में काम करती हैं। मां को छोड़कर लौटते समय साहिल अंबेडकरनगर कॉलोनी के पास पहुंचे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवक उनके पास आए और फोन करने के लिए मोबाइल मांगा।
साहिल ने बताया कि उन्होंने कहा कि मोबाइल में बैलेंस नहीं है। इसी दौरान स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और दोनों बदमाश मुर्गी फार्म की तरफ भाग गए। युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित ने बताया कि मोबाइल उसने लोन पर खरीदा था और दुकान पर काम कर पढ़ाई करता है। घर पहुंचकर दूसरे मोबाइल से कॉल करने पर फोन नहीं उठा। बाद में व्हाट्सएप ऑनलाइन दिखने पर उसने बदमाशों से मोबाइल लौटाने की गुहार लगाई लेकिन जवाब में गाली दी गई और मोबाइल का लॉक पूछने लगे।
थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।