गोरखपुर। सरयू नदी का जलस्तर कम होना शुरू हो गया है। नदी शाम चार बजे तक खतरे के निशान से बरहज में 1.15 मीटर ऊपर बह रही थी। इससे गोला तहसील के 25 गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। हालांकि, खजनी तहसील के भी गांव प्रभावित हैं, लेकिन उन गांवों का जिक्र प्रशासन की सूची में नहीं है।
आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गाेला तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों की 11030 की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। इसके अलावा 4103.9 हेक्टेयर क्षेत्रफल जमीन बाढ़ के पानी से घिरी है। इन बाढ़ प्रभावित गांवों में लोगों के आवागमन के लिए 28 नावों को लगाया गया है। प्रभावित लोगों में कम्युनिटी किचन में तैयार कराकर 2940 लंच पैकेट वितरित किया गया। इसके अलावा प्रभावित लोगों में 200 खाद्यान पैकेट भी वितरित किया गया है।
दूसरी तरफ सरयू के खतरे का निशान पार करते ही खजनी तहसील के नरगड़ा जंग्गा सिंह सहित कई गांव पानी से घिर जाते हैं। शनिवार को नदी खतरे के निशान से 1.15 मीटर ऊपर थी, लेकिन प्रशासन की सूची में वहां के किसी गांव का नाम नहीं है। जबकि कहा जा रहा है कि खजनी तहसील के बसही, जिगना शाहपुर, कटया मुस्तकिल, वैलीकुंड, पथरहा मिश्र गांव भी प्रभावित हैं। कहीं कम तो कहीं ज्यादा पानी पहुंचा है।