28 नवंबर से जनकपुरधाम और 30 नवंबर से अयोध्या कैंट से शुरू होगा संचालन, सप्ताह में एक-एक दिन दोनों ओर से चलेगी ट्रेन
गोरखपुर। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए जनकपुरधाम (नेपाल) और अयोध्या कैंट के बीच गोरखपुर होकर सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू किया जा रहा है।
ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को 28 नवंबर से जनकपुरधाम और ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को 30 नवंबर से अयोध्या कैंट से चलेगी। 15595 जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस जनकपुरधाम से दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
वापसी में रात 10:23 बजे पहुंचेगी गोरखपुर
वापसी में 15596 अयोध्या कैंट-जनकपुरधाम एक्सप्रेस सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। रात 10:23 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और अगले दिन दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सात शयनयान, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, तीन तृतीय श्रेणी इकोनॉमी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और एक-एक जनरेटर सह लगेज तथा एलएसएलआरडी कोच शामिल होंगे।