- कॉलोनीवासियों ने बताया कि शिकायत करने के बाद भी नहीं हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। खरैया पोखरा मोहल्ले के फेज दो में गंदे पानी की समस्या सुधरने का नाम नहीं ले रही है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि पानी में बालू के साथ गंदगी आ रहा है। पानी बर्तन, कपड़े धोने लायक भी नहीं है। नगर निगम से शिकायत करने के बाद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि गंदे पानी समस्या कोई नई नहीं है। दरअसल छह महीने पहले नगर की तरफ से मोहल्ले में पानी की आपूर्ति देने के लिए नई पाइपलाइन लगवाया गया। लेकिन पाइप से स्वच्छ पानी की जगह पीलापन और पुरानी पाइप से बालू मिश्रित पानी आ रहा है। नगर निगम और जलकल विभाग से शिकायत की गई लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। अनिल ने बताया कि एक महीने से पानी के स्वाद और रंग में बदलाव आ रहा है। कई बार जलकल विभाग से शिकायत की लेकिन कोई हल नहीं निकला। बाहर से जार का पानी मंगा रहा हूं। वहीं रीता देवी ने बताया कि पानी में बालू आने से बाहर से पानी मंगाना पड़ रहा है। सोनू ने कहा कि सड़क को तोड़कर नई पाइपलाइन डाली गई है। तभी से पानी में बालू आ रहा है। मजबूरी में जार का पानी खरीदना पड़ रहा है।