खाद्य सुरक्षा विभाग के कार्यालय में खुले में रखे गए हैं मिठाई, नमकीन, चिप्स-पापड़ के नमूने
30 साल पुराने सैंपल भी असुरक्षित, सबूत नष्ट होने से आरोपियों को मिल सकता है लाभ
गोरखपुर। मिलावटखोरी पर कार्रवाई के लिए दुकानों से लिए गए खाद्य सामग्रियों के सैंपल खाद्य सुरक्षा विभाग के कार्यालय में रख-रखाव के अभाव में सड़-गल रहे हैं। इन्हें सुरक्षित रखने के इंतजाम नहीं हैं। कुछ सैंपल को तो चूहे कुतर कर खा जा रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, साक्ष्य सुरक्षित नहीं रहने पर आरोपियों को इसका फायदा मिल सकता है।
कलक्ट्रेट परिसर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग का दफ्तर है। इसी दफ्तर के एक कमरे में मिठाई, नमकीन, चिप्स और पापड़ के सैंपल रखे गए हैं। इसके अलावा गैलरी में रखी आलमारी और बड़े बक्शे में भी 20 से 25 साल पुराने सैंपल हैं। इनमें से कई मामलों में अभी मुकदमा चल रहा है। विभाग के सूत्रों का कहना है कि लंबे समय से रखे गए सैंपल को देखा ही नहीं गया। मिठाई और नमकीन वाले सैंपल खुले में रखे गए हैं, गत्ते को कुतर कर उसमें रखे नमूने चूहे खा रहे हैं।
एक्सपर्ट कमेंट
सैंपल महत्वपूर्ण साक्ष्य, सुरक्षित रखना जरूरी
मिलावट के मामले में फॉरेंसिक लैब रिपोर्ट के साथ ही सैंपल भी महत्वपूर्ण होता है। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत सैंपल को तलब कर सकती है। ऐसे में सैंपल को सुरक्षित रखना अनिवार्य है, वरना साक्ष्य के अभाव में आरोपी को लाभ मिल सकता है।
- नीरज शाही, वरिष्ठ अधिवक्ता
वर्जनमामले की जांच कराई जाएगी। जिन सैंपल को सुरक्षित रखना है, उनके रख-रखाव के लिए बेहतर व्यवस्था कराई जाएगी।
- दीपक मीणा, डीएम